छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: चरित्रशंका पर पत्नी व पड़ोसी की हत्या…आरोपी पति पहुंचा सलाखों के पीछे

सूरजपुर

दीपावली की रात हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा आज पुलिस ने कर दिया। इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसके लिए उसने देर रात पत्नी के सिर पर खूंटे से वार कर उसे मार दिया। फिर शव को घर से 40 मीटर दूर फेंक आया। इसके बाद पड़ोसी के घर पहुंचा और सोते हुए उसकी भी खूंटा मार कर हत्या कर दी। मामला कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जोबगा निवासी धनसो बाई (50) पत्नी सुखलाल और शिव प्रसाद (45) के मकान आमने-सामने हैं। शुक्रवार सुबह ग्रामीण उधर से निकले थे तो महिला का शव घर से कुछ दूर महुआ के पेड़ के नीचे पड़ा हुआ था। शिव प्रसाद का शव भी उसके घर के बाहर खाट पर पड़ा था। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस मौके पर पहुंची तो सुखलाल उन्हें नहीं मिला। पुलिस आसपास पूछताछ कर रही थी। थोड़ी देर बाद सुखलाल भी पहुंच गया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो ठीक से कुछ जवाब नहीं दे सका। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में सुखलाल ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसके पड़ोसी शिव प्रसाद से अवैध संबंध थे। इसको लेकर पत्नी से अकसर उसका विवाद होता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लकड़ी के खूंटे को बरामद कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply