रायपुर

भाजपा निकालेगी दो परिवर्तन यात्रा:12 को शाह करेंगे शुरुआत

रायपुर

विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में परिवर्तन का शंखनाद करने के लिए भाजपा दो परिवर्तन यात्राएं निकालेगी। पहली यात्रा दंतेवाड़ा से 12 सितंबर को और दूसरी 16 सितंबर को जशपुरनगर से शुरू होगी।दंतेवाड़ा से यात्रा का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि 16 सितंबर को जशपुरनगर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। 2989 किलोमीटर की इस यात्रा में समय-समय पर प्रदेश के वरिष्ठ और राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। पहली परिवर्तन यात्रा का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव खुद करेंगे जबकि दूसरी यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे। साव ने कहा कि 87 विधानसभा क्षेत्रों की 2989 किमी की ये परिवर्तन यात्राएं भ्रष्टाचार के आकाओं को उखाड़ फेंकने के लिए जनता की हुंकार होगी। परिवर्तन यात्रा प्रदेश की भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी, अन्याय- अत्याचार करने वाली भूपेश सरकार के ताबूत में आखिरी कील ठोकेगी।

दोनों यात्राओं में सात रोड शो होंगे
पहली यात्रा दंतेवाड़ा से बिलासपुर तक 1728 किमी का सफर 16 दिन में पूरी होगी। 45 आमसभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे। दूसरी यात्रा में 12 दिन में 1,261 किमी का सफर तय करेगी। यात्रा 2 संभागों के 14 जिलों के 39 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। 39 आमसभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे।

समापन में पीएम मोदी होंगे शामिल
अरूण साव ने बताया कि दोनों यात्राओं का समापन एक साथ 28 सितंबर को होगा। समापन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। पहली यात्रा को मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ गृहमंत्री अमित शाह और दूसरी यात्रा को कोरवा आराध्य देवी खुड़ियारानी की पूजा-अर्चना करके राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे।

इनको दी गई जिम्मेदारी
पहली यात्रा के संयोजक विधायक शिवरतन शर्मा व पूर्व मंत्री महेश गागड़ा होंगे। सहयोगी के रूप में निरंजन सिन्हा व सचिन बघेल रहेंगे। जबकि दूसरी यात्रा के संयोजक मोतीलाल साहू, सांसद गुहाराम अजगले और प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव होंगे।

Related Articles

Leave a Reply