जांजगीर-चांपा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 2 लाख के गांजे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना मुलमुला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से गांजे की तस्करी और बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बोरसी से कोसा जाने वाले मार्ग पर पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4.258 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में गणेश अग्रवाल (45 वर्ष), निवासी बोरसी, थाना मुलमुला, रामसागर कौशिक (53 वर्ष) और एस. कुमार दिवाकर (32 वर्ष), दोनों निवासी व्यासनगर, थाना पामगढ़ शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।




