छत्तीसगढ़

बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, भारी बारिश में सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन, चक्काजाम की दी चेतावनी

कटघोरा। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में खास पहचान रखने वाला मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र इन दिनों अपनी प्राकृतिक छटा के बजाय खस्ताहाल सड़क की दुर्दशा के लिए जाना जा रहा है। बांगो से पोड़ी ब्लॉक को जोड़ने वाला मुख्य पहुंच मार्ग बीते कई वर्षों से बदहाली की मार झेल रहा है। प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों का धैर्य आज जवाब दे गया और भारी बारिश के बीच सैकड़ों ग्रामीणों ने कीचड़ से सनी सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के पांच प्रमुख गांवों के आवागमन का एकमात्र साधन है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। सड़क पर फिसलन की वजह से आए दिन लोग गिरकर हाथ-पैर तुड़वा रहे हैं और मासूम बच्चे लगातार घायल हो रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पूर्व में सड़क निर्माण की मांग को लेकर जल संसाधन विभाग (इरिगेशन ऑफिस) का घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद प्रशासन ने समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल गड्ढों में मिट्टी डलवाकर इतिश्री कर ली। बारिश होते ही यह मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई, जिससे मार्ग की स्थिति बद से बदतर हो गई।

​प्रदर्शन के दौरान मौके से गुजर रहे जनपद सदस्य आयुष सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्हें समझाइश दी और तत्काल मामले को शांत कराया। उन्होंने ग्रामीणों के आक्रोश को जायज ठहराते हुए कहा कि जल्द ही शासन को इस बदहाल सड़क के संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। आयुष सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही पक्की सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क पर बड़ा चक्काजाम आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply