दुर्ग में प्यार में खूनी खेल: प्रेमिका का आधार कार्ड मांगने पर मंगेतर पर मिर्च पाउडर फेंककर चाकू से वार, हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार

नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी सुनसान इलाके में ले जाकर किया हमला, घायल प्रेमी दुर्ग रेफर, जामुल पुलिस ने 109(1) बीएनएस में भेजा जेल
दुर्ग।
जिले के थाना जामुल क्षेत्र के शिवपुरी में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती के मंगेतर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने की कोशिश की। जामुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला –
प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास गया था। किरण अपने प्रेमी अमित से विवाह के लिए आधार कार्ड मांग रही थी, जिसको लेकर विवाद हुआ।
इसी दौरान आरोपी दीपक गुप्ता ने नया मकान दिखाने की बात कहकर अमित को शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां सुनसान जगह पर आरोपी ने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या की नीयत से धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दुर्ग रेफर किया गया।
पुलिस की कार्रवाई –
घटना पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 779/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने घायल और गवाहों के कथन दर्ज कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जप्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी – दीपक गुप्ता उम्र 48 वर्ष, निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दीदार स्टूडियो के पीछे, थाना छावनी, जिला दुर्ग। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।