जांजगीर-चांपा: युवा जनपद सदस्य की सड़क दुर्घटना में असामयिक मौत, पिछले माह हुई है शादी

जांजगीर-चांपा
अकलतरा जनपद पंचायत के युवा जनपद सदस्य सानु संकर्षण सिंह का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया है उनकी असामयिक निधन से सांकर सहित पूरे अंचल में शोक की लहर व्याप्त हैं। बताया जा रहा है कि जनपद पंचायत सदस्य सानु संकर्षण सिंह क्षेत्र क्रमांक 21 निवासी सांकर कल रात लगभग साढ़े दस बजे अपने घर से रिस्दा मुलमुला अपनी बुआ से मिलने जाने अपनी बाइक से निकले। वे रिसदा जाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 49 की तरफ से गये, जब वे मुलीडीह के उपर ओवरब्रिज पर पहुंचे तो अचानक ही ओवरब्रिज से टकराये और बेहोश हो गये और उन्हें गंभीर चोट पहुंची। आने-जाने वाले में से किसी ने इस बात की सूचना अकलतरा थाना में दी और 112 को फोन किया तो उन्हें अकलतरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की सूचना से अकलतरा जनपद पंचायत के सदस्यों और उनके जानने वालों के अतिरिक्त उनके मतदाताओं में भी अत्यंत शोक व्याप्त है। उनके मिलनसार स्वभाव और सबसे प्रेम और स्नेह से मिलने की आदत से वे लोकप्रिय युवा चेहरा थे । उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है बताया जा रहा है कि पिछले 4 जनवरी को उनकी शादी हुई थी और वे दो भाइयों में छोटे थे।




