छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

सक्ती के सेंदुरस डबल मर्डर केस का खुलासा: पति-पत्नी की हत्या कर लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2024 के मुक्ता दोहरे हत्याकांड का भी निकला राज; सराफा व्यापारी समेत तीन गिरफ्तार

सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस में हुए बहुचर्चित पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए बताया कि इन्हीं आरोपियों ने वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवकुमार यादव (33 वर्ष) एवं रूपचरण यादव (40 वर्ष) निवासी पंडरीपानी, थाना मालखरौदा के रूप में हुई है। वहीं लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने के आरोप में जैजैपुर निवासी सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू (50 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2-3 जून 2026 की दरमियानी रात सेंदुरस गांव में अपने घर में सो रहे पुरुषोत्तम खुंटे (65 वर्ष) और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे (60 वर्ष) की लोहे की रॉड से सिर और चेहरे पर हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद मृतका के सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल भी लूट लिए गए थे।

See also  छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम के नियमों में बड़ा बदलाव, अब 24 घंटे में मिलेगा पंजीयन प्रमाणपत्र, ऑनलाइन हुई पूरी प्रक्रिया

मोबाइल बना सुराग, CEIR पोर्टल से पहुंची पुलिस आरोपियों तक-
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मृतक का गायब मोबाइल फोन साइबर सर्विलांस और CEIR पोर्टल पर ट्रैक किया गया। मोबाइल की लोकेशन खरसिया क्षेत्र में मिलने पर पुलिस ने पलगड़ा स्थित एक ढाबे से देवकुमार यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ और उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

मामूली विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे के साथ मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने वारदात की योजना बनाई। दोनों आरोपी रात में घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसे और सो रहे दंपति पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके बाद सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

See also  10 हजार रुपए मांगने पर टांगी से हमला, युवक का कान काटा; आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

ज्वेलर्स को बेचे थे लूट के गहने
आरोपी रूपचरण यादव ने लूटे गए आभूषण जैजैपुर के “खिलेश्वर ज्वेलर्स” संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल के कब्जे से आभूषण बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।

मुक्ता डबल मर्डर कांड का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जून 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए चर्चित डबल मर्डर की वारदात भी कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर घर से आभूषण लूट लिए थे। यह मामला लंबे समय से अंधे हत्याकांड के रूप में पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

See also  दुष्कर्म केस में घिरे नायब तहसीलदार : FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पीड़िता ने पुलिस पर लगाए संरक्षण के आरोप

भारी मात्रा में सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
मृतका के सोने के आभूषण,लगभग 5 ग्राम गला हुआ सोना, करीब 77 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून लगे कपड़े घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस टीम को मिलेगा कैश रिवॉर्ड
दो-दो अंधे डबल मर्डर केस सुलझाने पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने पूरी जांच टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह खुलासा सक्ती जिले की सबसे बड़ी आपराधिक गुत्थियों में से एक के सुलझने के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply