छत्तीसगढ़

आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत, दूसरा घायल, पेड़ के नीचे खड़े थे दोनों

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में हो रही बारिश के बीच दुर्ग जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर बोरी थाना क्षेत्र की लिटिया चौकी के ग्राम मोहंदी के पास हुआ है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए। बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मानसून की सक्रियता के बीच हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply