छत्तीसगढ़बिलासपुर

खेत में खाद छिड़कने गए ग्रामीण पर बाघ ने किया हमला, लोहे के घमेला से बचाई जान

बिलासपुर। वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं। ग्रामीण ने हिम्मत दिखाते हुए लोहे के घमेला से बाघ का मुकाबला किया, जिसके बाद बाघ मौके से भाग गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दवनपुर निवासी संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम (42 वर्ष) शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से संजू के चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आईं।

हमले के दौरान संजू ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पास मौजूद लोहे के घमेला से बाघ पर वार कर दिया। ग्रामीण के प्रतिरोध के बाद बाघ वहां से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू मरकाम को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया है।

घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम ने दवनपुर सहित आसपास के इलाकों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। वहीं ग्रामीणों को सतर्क रहने और फिलहाल खेत तथा जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में बाघ को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply