जांजगीर चांपा में बुलडोजर एक्शन, वन विभाग के दस्ते ने अवैध मकानों को किया जमींदोज

जांजगीर चांपा: वन विभाग की जमीन पर मकान बनाना लोगों को महंगा पड़ा. शनिवार को वन विभाग की टीम ने जेसीबी से अवैध मकानों को जमींदोज कर दिया. डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने ये कार्रवाई की. टीम ने तीन मकानों को जहां गिरा दिया वहीं 15 मकानों को नोटिस देकर जल्द यहां से हटने के निर्देश दिए हैं.
लोगों का आरोप है कि उनको मकान खाली करने तक का वक्त नहीं दिया गया और बुलडोजर चला दिया गया. वन विभाग की बुलडोजर कार्रवाई से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. वन विभाग की कार्रवाई की खबर मिलते ही मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि पहुंचे. सभी ने कलेक्टर से इस कार्रवाई को रोकने का आग्रह किया. जिसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर चाम्पा एसडीएम मौके पर पहुंचे और वन विभाग को इस कार्रवाई को रोकने के निर्देश दिए.
जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं उनका कहना है कि वो अब बच्चों को लेकर कहां जाएंगे. स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कह रहे हैं कि इनको थोड़ा वक्त मिलना चाहिए था. अचानक से हुई इस कार्रवाई के बाद इनके रहने का कोई ठिकाना नहीं बचा है. पीड़ित परिवार अब यात्री शेड में अपना सामान रखकर बैठे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन लोगों को वन विभाग ने अतिक्रमणकारी बता कर बेदखली नोटिस जारी किया है, उन 18 घर में से 7 घर प्रधानमंत्री आवास के माध्यम से बने हुए हैं.




