मांड नदी में अचानक आई बाढ़ : रेत से लदा ट्रैक्टर पानी में समाया, चालक ने कूदकर बचाई जान

सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में मांड नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अवैध रेत खनन में लगा रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज बहाव में फंसकर नदी में डूब गया। हालांकि चालक ने समय रहते ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम नवाटोली-केसला स्थित मांड नदी की है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत भरकर परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और ट्रैक्टर तेज बहाव की चपेट में आ गया। ट्रॉली में भारी मात्रा में रेत होने के कारण वाहन नदी के बीच फंस गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
स्थिति बिगड़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ घंटों बाद जब नदी का जलस्तर कम हुआ, तब जेसीबी मशीन की मदद से डूबे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकाला गया। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में जारी अवैध रेत खनन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खनिज विभाग ने करीब एक माह पहले नदी से रेत खनन पर रोक लगा दी थी, इसके बावजूद मांड नदी से खुलेआम अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। यदि चालक समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकलता, तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी। फिलहाल घटना के बाद अवैध रेत खनन को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।




