रायपुर में सनसनीखेज वारदात : युवती पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग, छेड़छाड़ का विरोध कर रही थी लड़की

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक सनसनीखेज, दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। माना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं आरोपी फरार है।
मिली जानकारी के मुताबिक, माना थाना क्षेत्र में वीरू धीवर नाम का लड़का एक युवती से छेड़छाड़ कर रहा था, विरोध करने पर उसने पेट्रोल डालकर युवती पर जलती माचिस की तीली फेंक दी। अचानक आग की लपटों में घिरी युवती की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई और युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। यवती के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए हैं।
माना पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। बताया गया है कि, वह युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती के विरोध करने में दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पास रखे पेट्रोल को युवती के ऊपर उड़ेल दिया और आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है।
मामना पुलिस ने बताया कि, पीड़िता के बयान आग बुझाने वालों ने जो बताया उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।



