छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

गेमन पुल के बीच हसदेव नदी में फंसी महिला, चांपा पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बचाया

चांपा। हसदेव नदी के गेमन पुल के बीच एक महिला के बहकर फंसने की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसकी जान बचाई। पुलिस की तत्परता, स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों के सहयोग से महिला को नदी के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, चांपा पुलिस को सूचना मिली थी कि हसदेव नदी के बीच एक अज्ञात महिला बहकर फंस गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी के तेज बहाव और महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने महिला को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। महिला जीवित थी, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे तत्काल उपचार के लिए बी.डी.एम. अस्पताल चांपा पहुंचाया।

डॉक्टरों की निगरानी में उपचार शुरू होने के बाद महिला की हालत में सुधार हुआ और वह बातचीत करने की स्थिति में आई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम प्रेम कुमारी मसीह बताया। उसने बताया कि वह चांपा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रहती है और मांगकर अपना जीवन यापन करती है।

महिला के मुताबिक, सुबह वह शौच के लिए नदी की ओर गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह पानी में गिर गई और नदी के तेज बहाव में बह गई।

फिलहाल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस रेस्क्यू अभियान में चांपा पुलिस के साथ गोताखोरों, स्थानीय ग्रामीणों और नाविकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply