छत्तीसगढ़

नशेड़ी आटो चालक की बिगड़ी नीयत : छात्रा को घर छोड़ने के बजाय ले गया सुनसान मैदान में, लोगों ने जमकर पीटा

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को ऑटो से सुनसान इलाके में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्यूशन से घर लौट रही 13-14 वर्षीय छात्रा को ऑटो चालक घर छोड़ने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की ओर ले गया, वहीं चालक के नशे में होने की भी बात सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, छात्रा ट्यूशन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि चालक ने उसे घर छोड़ने के बजाय सुनसान इलाके की ओर ले जाकर कॉलेज ग्राउंड मैदान पहुंचा दिया। स्थिति को भांपकर छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों का ध्यान ऑटो की ओर गया। लोगों ने तत्काल ऑटो को रोक लिया और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि लोगों ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पूरा मामला गांधी नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के बयान और घटनास्थल से जुड़ी परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी चालक के खिलाफ लगे आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply