स्वाइन फ्लू का कहर : प्रदेश में 200 से ज्यादा संक्रमित, एक्टिव केस 57, इनमें 44 अस्पताल में

रायपुर। धीरे-धीरे प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को सामने आए 26 मामलों के साथ कुल आंकड़ा 205 तक पहुंच गया है। इसमें से 57 केस एक्टिव हैं और 44 का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। स्वाइन फ्लू का वायरस फैलने वाला है और इसके सबसे ज्यादा केस रायपुर जिले से संबंधित हैं।
अगस्त में लगातार बारिश के बीच मौसम में होने वाले उतार-चढ़ाव के कारण स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने लगे हैं। पिछले एक महीने में नियमित रूप से आ रहे केस के बीच राज्य में संक्रमितों की संख्या दो सौ के पार हो चुकी है। रायपुर जिले के नोडल अफसर डॉ. अविनाश चतुर्वेदी ने बताया कि स्वाइन फ्लू इंफ्लुएंजा समूह के एच1एन1 वायरस की वजह से होता है।
तेज बुखार और बदन दर्द के दिख रहे लक्षण
यह वायरस संक्रमित व्यक्ति के छींक अथवा खांसने के दौरान निकलने वाली जल की बूंदों के संपर्क में आने वाले स्वस्थ व्यक्ति को पीड़ित कर देता है। इस वायरस की वजह से संक्रमित को तेज बुखार, गले और शरीर में दर्द के साथ सर्दी और खांसी जैसी समस्या हो सकती है। आमतौर पर यह समस्या तीन से पांच दिन में दूर हो जाती है, लेकिन दूसरी बीमारी से पीड़ित अथवा अधिक उम्र के लोगों को यह ज्यादा दिन तक प्रभावित कर सकती है।
रायपुर में सबसे ज्यादा 12 मरीज, सभी का इलाज जारी
वर्तमान में सामने आने वाले कोरोना के मामलों में अब तक किसी की स्थिति गंभीर नहीं हुई है। अस्पताल में जो संक्रमित मिले हैं, वे दूसरी समस्या की वजह से वहां तक पहुंचे। स्वाइन फ्लू से संक्रमित 13 लोगों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। शुक्रवार को बालोद में 2, बिलासपुर में 6, दुर्ग में 4, जांजगीर, महासमुंद में 1-1 तथा रायपुर में सर्वाधिक 12 केस सामने आए हैं।
किस जिले में कितने
स्वाइन के फ्लू के सर्वाधिक 89 मामले रायपुर जिले से संबंधित हैं। वहीं दुर्ग तथा बिलासपुर जिले में इनकी संख्या 26-26 है। कोरबा में 11, रायगढ़ में 10, धमतरी में 9 के अलावा महासमुंद, राजनांदगांव में 4, बालोद, बस्तर, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा में 3-3. कांकेर, सूरजपुर, सरगुजा में 2-2, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, मनेंद्रगढ़, मोहला-मानपुर, सक्ती में 1-1 संक्रमित अब तक सामने आए हैं।




