हिरासत में युवक की मौत पर बवाल : परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, पुलिस बता रही मिर्गी का दौरा, आरक्षक निलंबित

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान चांपा के मेहंदीपारा निवासी बुल्लु सहिस के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसे कथित अवैध शराब के मामले में पकड़ा था। हिरासत के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
युवक की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोग चांपा थाने पहुंचे और थाने का घेराव किया। स्थिति को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक के परिजन युवक की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के साथ-साथ मृतक की पत्नी को नौकरी देने और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत का दौर जारी है।




