छत्तीसगढ़

बिलासपुर में एक लाख रुपये से ज्यादा के रेलवे टिकट जब्त, कालाबाजारी करने वाले दो गिरफ्तार

बिलासपुर। रेलवे में यात्रियों को आरक्षित टिकट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संभालने वाला कर्मचारी ही टिकटों की कालाबाजारी में शामिल मिला। बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ सीनियर बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी और बिलासपुर में कार्यरत रेलवे कुली धनीराम यादव को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है।

दोनों पर अवैध रूप से रेलवे आरक्षित टिकटों का कारोबार करने का आरोप है। आरपीएफ की अपराध गुप्तचर शाखा मुख्यालय की कार्रवाई में क्लर्क के पास से एक एसी आरक्षण टिकट मिला, जबकि उसके मोबाइल की जांच में वाट्सएप के माध्यम से भेजे गए 14 अन्य आरक्षित टिकटों का पता चला।

जब्त टिकटों की कीमत एक लाख तीन हजार 600 रुपये है। मामला शनिवार का है। बिलासपुर जोन मुख्यालय की आरपीएफ अपराध गुप्तचर शाखा की टीम ने अवैध टिकट दलालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर टीम ने कार्यालय में दबिश दी।

See also  शराब फैक्ट्री का दूषित पानी नदी में छोड़ा, लाखों मछलियों की गई जान, SDM ने भेजा था नोटिस

सुबह आठ से शाम चार बजे तक ड्यूटी पर तैनात सीनियर बुकिंग क्लर्क से पूछताछ और जांच में 2510 रुपये का एक एसी आरक्षण टिकट मिला, जिसे बिना आरक्षण मांग के बनाया गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह टिकट उसने अपने लाभ के लिए दीपक पाल नामक व्यक्ति के कहने पर बनाया था।

यात्री का विवरण उसे वाट्सएप पर भेजा गया था। मोबाइल की जांच में वाट्सएप के जरिए भेजे गए 14 अन्य आरक्षित टिकटों के साक्ष्य भी मिले। इनकी कुल कीमत एक लाख एक हजार 900 रुपये बताई गई है। जांच में इस अवैध कारोबार में रेलवे कुली की संलिप्तता भी सामने आई।

बिलासपुर में कुली नंबर 206 के रूप में कार्यरत धनीराम यादव को भी इस मामले में शामिल पाया गया। दोनों के बीच टिकटों के अवैध कारोबार में मिलीभगत उजागर होने पर आरपीएफ ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उत्कर्ष पासी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा कॉलोनी का निवासी है, जबकि धनीराम यादव परसदा के आवासपारा वार्ड नंबर 20 में रहता है।

See also  जांजगीरर : मुआवजे के लिए अड़े हैं परिजन, लाश का अंतिम संस्कार नहीं, कुसुम लोहा फैक्ट्री हादसे में अकलतरा तागा का मजदूर भी है शामिल

प्रथम दृष्टया अवैध टिकट कारोबार में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply