छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती को कर रहा था परेशान…

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर युवती की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और फिर शुरू हुआ उसे परेशान करने का सिलसिला। आरोपी युवती को अश्लील मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। इतना ही नहीं, AI और डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दे रहा था। पीड़िता की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती की फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी। इसके जरिए वह उसे अश्लील संदेश भेजता था और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। आरोपी ने पीड़िता के परिजनों को फोन कर धमकाया और बाजार तथा घर के आसपास उसका पीछा भी किया।

See also  रायपुर में खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा मौका : आज से शुरू चयन ट्रायल, 4 खेलों में होगा खिलाड़ियों का टेस्ट

आरोपी ने युवती को बदनाम करने के लिए AI और डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। इसके अलावा 1000 फॉलोअर्स बढ़ाकर उसे बदनाम करने और उसके कार्यस्थल का पता निकालकर वहां पहुंचने की धमकी भी दी जा रही थी।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला, फरार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा

पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 78(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D), 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने उसे धारा 35(3) BNSS के तहत नोटिस जारी किया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर 28 नवंबर 2026 को उसे पकड़ लिया।

See also  Ebola संक्रमण को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट : Raipur Airport पर यात्रियों की स्क्रीनिंग शुरू, ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच

आरोपी को न्यायालय में किया गया पेश

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा (25 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना नवागढ़ के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply