छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारी तेज : 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, फरवरी तक पूरा होगा सर्वे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प मिलेगा। हालांकि, स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक है, इसे करना अनिवार्य नहीं होगा।

जनगणना की तैयारियों को लेकर 27 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सभी जिलों के कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को तय समय-सीमा में त्रुटिरहित जनगणना कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने मैदानी स्तर पर निगरानी, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने कार्यशाला में बताया कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके दायरे में 14 नगर निगम, 195 नगर और 19,978 गांव शामिल होंगे। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से व्यवस्था बनाई गई है। प्रदेश में लगभग 60,682 गणना ब्लॉक तैयार किए गए हैं। इनके लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी जनगणना के काम में लगाए जाएंगे। प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार छोटे ब्लॉकों में बांटा जाएगा।

See also  नागराज अहिराज विसर्जन के पूर्व मिलने आए गणेश जी से गले लग दी विदाई

जनगणना का दूसरा चरण पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है:

  • 10 से 24 जनवरी 2027: नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा।
  • 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027: प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना।
  • 1 से 5 मार्च 2027: गणना के आंकड़ों का पुनरीक्षण।

स्व-गणना के दौरान नागरिक स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे बाद में प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। स्व-गणना की सुविधा वैकल्पिक है। जो नागरिक इस माध्यम से जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनसे प्रगणक घर जाकर जानकारी प्राप्त करेंगे।

16 भाषाओं में उपलब्ध होगा मोबाइल एप
जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने की स्थिति में भी इस एप के जरिए ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को काम का आवंटन, प्रशिक्षण और कार्यों की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना में जुटाई जाने वाली जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं होगा।

See also  EOW की टीम ने कोयला कारोबारी के ठिकाने पर दी दबिश, सुबह से खंगाल रही है दस्तावेज

प्रगणकों को मिलेगा पांच चरणों में प्रशिक्षण
जनगणना के काम में लगे कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए पांच स्तरीय व्यवस्था बनाई गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स के लिए 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य सचिव विकासशील ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जनगणना में लगे कर्मचारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी जाए और उनके काम की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

See also  जांजगीर सुपर मार्केट में डकैती का प्रयास, पांच आरोपी गिरफ्तार

अफवाहों से बचाने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने कहा कि जनगणना के प्रति लोगों में भरोसा और सहयोग का माहौल बनाना जरूरी है। इसके लिए दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को जनगणना की प्रक्रिया की जानकारी देने पर जोर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply