देश

राजस्थान के सीकर में दर्दनाक हादसा.. अब तक 12 लोगों की मौत और 35 से ज्यादा घायल, सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

जयपुर

राजस्थान के सीकर जिले में मंगलवार अपराह्न एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना लक्ष्मणगढ़ में अपराह्न करीब दो बजे की है जब सालासर से आ रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के नीचे दीवार से टकरा गई जिससे इससे बस का चालक की तरफ वाला हिस्सा तहस नहस हो गया।

सीकर के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा, 12 लोगों की मौत की सूचना है। जो घायल हैं उनमें से कुछ को जयपुर रेफर किया गया है। बाकी का स्थानीय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम लगी हुई है और प्रशासन ने तमाम व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने बताया कि बस में सवार अधिकांश यात्री स्थानीय थे।

See also  सुप्रीम कोर्ट ने यूपी मदरसा बोर्ड एक्ट को संवैधानिक घोषित किया, हाई कोर्ट का फैसला खारिज

सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि सालासर से लक्ष्मणगढ़ आ रही निजी बस फ्लाईओवर के पास से मुड़ना था लेकिन संभवत: तेज गति के कारण चालक बस को मोड़ नहीं पाया और चालक की तरफ वाला हिस्सा फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया। उन्होंने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि बस का एक तरफ का हिस्सा तहस नहस हो गया।

मृतकों में विनीता (32), सीमा (22), किरण कंवर, कमला (35), बनारसी (55), आदित्य (16) तथा प्रमोद सिंह (35) शामिल हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, सीकर के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में बस दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिवारजनों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।

See also  पंजाब के राज्यपाल पद से बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा

इस गहन दुख की घड़ी में, प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री आयुष्मान दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पात्रता न रखने वाले मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष के नियमों के तहत प्रति मृतक परिवार को पाँच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा प्रति परिवार दस लाख रुपये निर्धारित की गई है। साथ ही, चिकित्सकीय प्रतिवेदन के आधार पर गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 50 हज़ार रुपये तथा सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को अधिकतम 20 हज़ार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवारजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं लक्ष्मणगढ़ से विधायक गोविंद सिंह डोटासरा ने भी हादसे पर शोक जताया है और ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘लक्ष्मणगढ़ में भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत का हृदयविदारक समाचार सुनकर आहत हूं। दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना संज्ञान में आते ही घायलों के त्वरित उपचार एवं हर संभव सहायता के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से बात की है।’’

See also  राज्योत्सव के अवसर पर राज्य के किसानों को 1500 करोड़ रूपए की सौगात

Related Articles

Leave a Reply