छत्तीसगढ़

साहब इलाज करा दो, या मर जाने दो : 20 साल से फाइलेरिया की गंभीर बीमारी झेल रहे शंकर यादव की स्वास्थ्य मंत्री से गुहार

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में सोनहत विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम बदरा निवासी शंकर यादव ने अपनी गंभीर स्थिति और आर्थिक तंगी के चलते छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री से इलाज कराने या इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग की है।

शंकर यादव पिछले 20 वर्षों से फाइलेरिया (हाथी पाँव) नामक बीमारी से ग्रसित हैं। इस बीमारी के कारण उनके दोनों पैरों में मांस असामान्य रूप से बढ़ गया है। यह मांस बढ़ता, पकता और फिर फूटता रहता है। शंकर की स्थिति इतनी विकट है कि वे मांस को कपड़ों से बांधकर रखने को मजबूर हैं।

माँ ने बेटे के इलाज के लिए गिरवी रखी जमीन

इलाज के लिए लंबे समय तक कोशिश करने के बावजूद, हाल ही में डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनकी बीमारी का इलाज करवाने में लगभग 17 लाख रुपए लगेंगे। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण शंकर यह राशि जुटाने में असमर्थ हैं। उनके पिता का बचपन में ही निधन हो गया था, और उनकी वृद्ध माँ मजदूरी करके किसी तरह अपना और बेटे का पेट भरती हैं। शंकर की मां ने बेटे के इलाज के लिए जमीन गिरवी रख दी, लेकिन इलाज अधूरा रह गया।नतीजतन, अब उनके पास न तो जमीन बची है और न ही आय का कोई अन्य साधन।

See also  शादी से पहले दूल्हों ने निभाया फर्ज, किसी ने हल्दी लगवाकर तो किसी ने सज-धज कर किया मतदान

मीडिया के माध्यम से सरकार से इलाज या इच्छा मृत्यु की अपील

शंकर यादव ने कहा मैं 20 सालों से इस बीमारी से जूझ रहा हूं। अब यह बोझ सहन नहीं हो रहा। डॉक्टर ने बताया कि इलाज में 17 लाख रुपए लगेंगे। इस कठिन परिस्थिति में शंकर ने मीडिया के माध्यम से राज्य के स्वास्थ्य मंत्री से अपील की है कि उनका इलाज कराया जाए या फिर उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। शंकर यादव की इस मार्मिक अपील ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। लोग इस गंभीर मामले पर सरकार और स्वास्थ्य विभाग से उचित कदम उठाने की उम्मीद कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply