
बिलासपुर। रक्षाबंधन के दिन जब पूरा शहर और गांव भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व मना रहा था, उसी दौरान बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में हत्या की दो अलग-अलग वारदातों ने सनसनी फैला दी। कुछ ही घंटों के अंतराल में सामने आई इन दोनों घटनाओं में विवाद के बाद दो लोगों की जान चली गई। पहली वारदात ग्राम हरदीकला टोना में हुई, जहां भांजे से गाली-गलौज और मारपीट का विरोध करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई पर सब्बल से हमला कर दिया।
गंभीर चोट लगने के बाद बड़े भाई सुभाष कुर्रे की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना हरदी शराब भट्ठी में हुई, जहां शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और राकेश प्रजापति पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय राकेश ने दम तोड़ दिया। दोनों वारदातों के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्राम हरदीकला टोना में हुई पहली वारदात ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जानकारी के मुताबिक सुदर्शन कुर्रे अपने भांजे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई सुभाष कुर्रे ने बीच-बचाव करते हुए सुदर्शन को भांजे के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने से मना किया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि इसी दौरान सुदर्शन कुर्रे ने सब्बल उठाकर अपने बड़े भाई सुभाष पर हमला कर दिया। हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, वहीं गांव में भी सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय दोनों भाइयों के नशे में होने की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
वही दूसरी वारदात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की ही हरदी शराब भट्ठी में सामने आई। यहां शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने को लेकर राकेश प्रजापति और एक युवक के बीच विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लाइन में लगने को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने राकेश पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब भट्ठी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।
रक्षाबंधन जैसे पर्व के दिन एक ही थाना क्षेत्र में दो लोगों की हत्या से इलाके में चर्चा का माहौल है। एक ओर जहां पहली घटना पारिवारिक विवाद के हिंसक रूप लेने का नतीजा बनी, वहीं दूसरी घटना शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने जैसे मामूली विवाद के बाद हत्या तक पहुंच गई। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर विवाद के दौरान बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




