जन्माष्टमी पर दही हांडी बांधते वक्त हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, इलाज के दौरान मौत

बिलासपुर। जिले में जन्माष्टमी के मौके पर दही हांडी बांधने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। राजीव गांधी चौक के पास पेट्रोल पंप के बगल में ऊंचाई पर मटका बांधते समय एक युवक हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राज खानकर के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि दही हांडी कार्यक्रम के दौरान मटका ऊंचे स्थान पर बांधा जा रहा था, इसी दौरान युवक हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं हादसे के बाद कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और हाईटेंशन तारों के आसपास बरती गई लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।




