
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना का पूरा घटनाक्रम मृतका के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया, जहां महिला फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदा लगाकर वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि महिला सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान हादसा हो गया।
पुलिस फिलहाल मोबाइल में मिले वीडियो, घटनास्थल और अन्य परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर रील बनाने के दौरान हुई लापरवाही से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।




