सिनेमा हॉल में चाकू लहराकर कर्मचारी को धमकाया, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में सिनेमा हॉल के कर्मचारी को चाकू दिखाकर डराने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया है।
मामला 5 सितंबर की रात करीब पौने 10 बजे का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनिकेत राठौर, निवासी बी.डी. महंत नगर जांजगीर, सिनेमा हॉल के अंदर शराब की बोतल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि उसने वॉशरूम के पास शराब की बोतल फोड़ दी। जब सिनेमा हॉल के कर्मचारी ने उसे ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने कमर में रखा चाकू निकाल लिया और कर्मचारी को मारने के लिए दौड़ा। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी के साथ भी आरोपी द्वारा गाली-गलौज करने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
मामले की शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 684/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रिपोर्ट के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल, सिनेमा हॉल में चाकू लेकर पहुंचने और कर्मचारी को धमकाने के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई चर्चा में है।




