छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

एक लाख दीपों से जगमगाया शिवरीनारायण का महानदी घाट, ‘आशीर्वाद का दीप’ से गूंजा विकसित भारत 2047 का संकल्प

जांजगीर-चांपा जिले से एक अद्भुत और भव्य तस्वीर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और उनकी 25 साल की राष्ट्रसेवा के मौके पर टेंपल सिटी शिवरीनारायण स्थित महानदी का पावन तट एक लाख दीपों से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीप’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा घाट भक्तिमय हो गया और हर दीप के साथ विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया गया।
शाम 7 बजे जैसे ही महानदी घाट पर एक साथ एक लाख दीप प्रज्वलित हुए, पूरा नजारा देखते ही बन रहा था। दीपों की रोशनी में महानदी का तट किसी स्वर्ग जैसा लग रहा था। इस भव्य आयोजन में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पवन साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, राजश्री महंत रामसुंदर दास, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, एसपी विजय पांडेय सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों जिलेवासी मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ ही घाट पर भव्य महानदी महाआरती का भी आयोजन किया गया। विधि-विधान और शंख-ध्वनि के साथ हुई इस महाआरती से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। लोगों ने हाथों में दीप लेकर राष्ट्र की समृद्धि और प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की।
अपने संबोधन में विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि ये दीप सिर्फ प्रकाश नहीं हैं, बल्कि सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई है और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक का एक-एक दीप प्रेरणा बनेगा।
बता दें कि ये आयोजन सिर्फ शिवरीनारायण तक सीमित नहीं रहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे जांजगीर-चांपा जिले के ऐतिहासिक, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाए गए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले भर में सेवा और जनकल्याण के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कुल मिलाकर शिवरीनारायण में एक लाख दीपों ने न सिर्फ महानदी के तट को रोशन किया, बल्कि सेवा और सुशासन के संकल्प को भी नई रोशनी दी। जिलेवासियों ने भी अपने घरों में दीप जलाकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस और 25 साल की राष्ट्रसेवा के मौके पर ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महानदी घाट पर एक साथ एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान भव्य महानदी महाआरती भी हुई। कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न ऐतिहासिक, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply