बेटी से एकतरफा प्रेम की बात पर विवाद : पड़ोसी नाबालिग ने 45 वर्षीय व्यक्ति को चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

जगदलपुर। शहर के पनारा पारा में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक नाबालिग ने कथित विवाद के दौरान पड़ोस में रहने वाले 45 वर्षीय मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, मन्नू कश्यप और पड़ोस में रहने वाले नाबालिग के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि नाबालिग मृतक की बेटी से एकतरफा प्रेम करता था, जिसके चलते पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। शनिवार देर रात एक बार फिर विवाद बढ़ गया और इसी दौरान नाबालिग ने मन्नू कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में मन्नू कश्यप के सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग निकला। घायल मन्नू कश्यप की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी नाबालिग की तलाश की जा रही है। वहीं, हत्या की घटना से नाराज मोहल्लेवासियों ने पुलिस के साथ विवाद करते हुए क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।




