पति- पत्नी की अकाल मौत : पत्नी के जहर खा लेने पर पति ने लगा ली फांसी, दोनो की गई जान

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम लीचीरमा में पति-पत्नी की मौत का मामला सामने आया है। पत्नी के जहर सेवन करने के बाद पति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही पत्नी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को सुखमनिया ने अज्ञात कारणों से जहर का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। परिजन उसके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे।
इधर, पत्नी के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसके पति साखी राम ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
मृतक दंपती के बेटे के मुताबिक, शराब पीने और काम नहीं करने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच की परिस्थितियों और उनके कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रही सुखमनिया की भी आखिरकार मौत हो गई। इस तरह पति-पत्नी दोनों की जान चली गई। घटना के बाद ग्राम लीचीरमा में शोक का माहौल है।




