महानदी का रौद्र रूप : शिवरीनारायण में बाढ़ से हाहाकार, 6 फीट पानी में डूबा शबरी सेतु

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण इलाके में महानदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद नदी का बहाव तेज हुआ है, जिसका असर शिवरीनारायण में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। कई प्रमुख रास्तों और रिहायशी इलाकों तक पानी पहुंच गया है।
महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण शिवरीनारायण का शबरी सेतु पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बताया जा रहा है कि पुल के ऊपर करीब 6 फीट पानी बह रहा है। इसके चलते आवागमन प्रभावित हुआ है और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाढ़ का पानी अब शहर के कई हिस्सों में फैलने लगा है। मेला ग्राउंड और चौपाटी क्षेत्र पूरी तरह पानी की चपेट में आ गए हैं। वहीं मुख्य मार्गों के साथ-साथ कुछ रिहायशी इलाकों में भी नदी का पानी प्रवेश करने लगा है। बिलासपुर रोड पर भी पानी पहुंचने से आवाजाही प्रभावित हुई है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए वार्ड नंबर-1 के रहवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। प्रभावित लोगों को राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है, जहां उनके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
बाढ़ के कारण कई स्थानों पर सड़क मार्ग बाधित होने के बाद लोग नाव के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंच रहे हैं। जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए है।
शिवरीनारायण में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मुस्तैद हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




