
कोरबा। कोरबा में गुरूवार की रात सड़क हादसे में NSUI के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक समेत एक अन्य कारोबारी की मौत हो गयी। वहीं कार में सवार कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष समेत 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें चिंताजनक हालत में इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में एडमिट किया गया है। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग बालको में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिलासपुर से रवाना हुए थे। लेकिन निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर रास्ता भटकने और कार की तेज रफ्तार के कारण ये हादसा घटित हुआ। हादसा उरगा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि गुरूवार की रात बिलासपुर निवासी NSUI के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार में सवार होकर कोरबा आ रहे थे। यहां बालको में परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए राहुल राय अपने साथी ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक के साथ कोरबा के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब 9:30 बजे के लगभग बिलासपुर के ढेका से निकलकर उरगा पहुंचे थे। इस दौरान कोरबा शहर में प्रवेश करते समय रास्ता भटक गए। और तेज रफ्तार कार बिलासपुर-उरगा भारतमाला नेशनल हाईवे में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से दूर जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोट आई। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।




