छत्तीसगढ़

विदेश में क्रिकेट खिलाने का झांसा देकर 15.38 लाख की ठगी, आरोपित गिरफ्तार

अंबिकापुर। देश-विदेश में क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने का मौका दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित मृगांक सिन्हा अपराध दर्ज होने के बाद चार वर्ष से फरार था। वह अंबिकापुर का रहने वाला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरप्रदेश के हरदोई जिले के ग्राम सेखवापुर निवासी अजय कुमार वर्मा, जो एक क्रिकेट खिलाड़ी हैं, की मुलाकात वर्ष 2021 में नेपाल में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अंबिकापुर निवासी मृगांक सिन्हा से हुई थी।

See also  शिक्षिकाओं ने छात्र को दी तालिबानी सजा : 100 बार उठक-बैठक कराने से अपंग हुआ स्टूडेंट, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज 

आरोपित ने स्वयं को क्रिकेट संघ से जुड़ा बताते हुए प्रार्थी को देश-विदेश के टूर्नामेंट में खेलने का अवसर दिलाने का भरोसा दिया और मोबाइल नंबर लेकर संपर्क बनाए रखा। नेपाल से लौटने के लगभग 10 दिन बाद आरोपित ने क्रिकेट संघ में रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 1480 रुपये जमा करवाए।

इसके बाद पासपोर्ट, अन्य पंजीयन और चयन प्रक्रिया के नाम पर 4460 रुपये, 1500 रुपये नगद सहित अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन माध्यम (पेटीएम, गूगल पे, फोन पे) से रकम जमा कराता रहा।

आरोपित द्वारा प्रार्थी को टीम चयन और विदेशी दौरे से संबंधित फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज मोबाइल पर भेजकर विश्वास में लिया जाता रहा।

See also  शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा : आकाश झूला टूटने से 6 लोग गिरे, 2 युवतियों की हालत नाजुक, महिला समेत 3 अन्य घायल

पुलिस के अनुसार आरोपित ने प्रार्थी से करीब 12 लाख रुपये ऑनलाइन जमा करवा लिए तथा 11 जून को छत्तीसगढ़ बुलाकर यहां भी अतिरिक्त रकम जमा कराई।

इस प्रकार कुल 15 लाख 38 हजार रुपये की ठगी की गई। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में धारा 420, 467, 468 एवं 471 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर से जानकारी लेने पर आरोपित द्वारा बताए गए क्रिकेट संघ की कोई आधिकारिक मान्यता नहीं होना पाया गया। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर फरार चल रहे आरोपित मृगांक सिन्हा (40) निवासी त्रिकोण चौक अंबिकापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया है।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक विवेक पाण्डेय सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

See also  अब राजस्व सेवाएँ एक क्लिक दूर : भुइयां व्हाट्सऐप चैटबॉट और ऑटो-डाइवर्ज़न सुविधा का हुआ शुभारंभ

Related Articles

Leave a Reply