छत्तीसगढ़

1 अप्रैल से शुरू होगा राजस्व पखवाड़ा : गांव-गांव में लगाए जाएंगे शिविर, समस्याओं का तुरंत होगा समाधान 

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में 1 अप्रैल से “राजस्व पखवाड़ा” की शुरुआत हो रही है, जिसके तहत गांव-गांव में शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। जमीन से जुड़े मामलों में लोगों को महीनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने की मजबूरी अब कम होने वाली है।

पहले चरण में 1 से 15 अप्रैल तक चलेगा अभियान
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्पष्ट किया है कि,  यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार अप्रैल 2026 से जून 2026 तक जिले के विभिन्न ग्रामों में यह अभियान चलाया जाएगा। पहले चरण में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित होगा, जिसके लिए शिविरों की तिथि और स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं।

समस्याओं का जल्द होगा निराकरण
प्रशासन के अनुसार, एसडीएम और तहसीलदारों को 100 से अधिक गांवों में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रिकॉर्ड सुधार जैसे मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि, इस पहल से पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को समयबद्ध तरीके से राहत मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply