छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

खोखसा ओवरब्रिज पर भीषण हादसा: परीक्षा देकर लौट रहे दो छात्र घायल, स्कॉर्पियो 6 बार पलटी

जांजगीर। जिले में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार दोपहर जांजगीर-चांपा मार्ग पर बने खोखसा ओवरब्रिज में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, जांजगीर निवासी सृजन स्वरूप और अंबेश यश साहू लोटस पब्लिक स्कूल से परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। स्कॉर्पियो वाहन अंबेश चला रहा था। जैसे ही वाहन खोखसा ओवरब्रिज पर पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो ओवरब्रिज की सुरक्षा रेलिंग से टकराकर करीब 5 से 6 बार पलटी खाते हुए सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। दोनों छात्रों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कुछ देर तक ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सड़क के बीच पलटा होने से यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में लोगों की मदद से वाहन को सीधा कर सड़क किनारे कराया गया और मार्ग को क्लियर कराया गया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां से घायल छात्र सृजन का घर महज 100 मीटर दूर, कुलीपोटा एजेंसी के पास स्थित है। घर पहुंचने से पहले ही दोनों छात्र हादसे का शिकार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

See also  नहीं रहा कानन पेंडारी का शान, हार्ट अटैक से हुई ‘आकाश’ की मौत

Related Articles

Leave a Reply