सक्ती में दिल दहला देने वाली वारदात: गुटखा के पैसे नहीं मिले तो मां को मार डाला

सक्ती। जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेड़ीकोना में एक कलयुगी बेटे द्वारा अपनी ही मां की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुटखा खाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने अपनी मां पर पहले हाथ-मुक्कों से हमला किया और फिर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भेड़ीकोना निवासी मंजू माली ने थाना डभरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जून 2026 की शाम करीब 7:40 बजे उसकी सास तिहारिन बाई माली अपने बेटे लखन माली (25 वर्ष) को खाना खाने के लिए दी थी। इसी दौरान लखन माली ने विमल गुटखा खाने के लिए अपनी मां से पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट से बचने के लिए तिहारिन बाई वहां से भागने लगी, तभी आरोपी ने घर के पास लगे टेप नल के समीप पत्थर उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए डभरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन माली को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



