
सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कटौद के भाटापारा में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव में गौधाम सेवा समिति गठित है, जिसके तहत 11 सदस्य बारी-बारी से गांव की गायों को चराने का कार्य करते हैं। मंगलवार को इसी क्रम में रोहित कुमार बरेठ अपने दो साथियों हेम कुमार साहू और ओम कुमार चन्द्रा के साथ गायों को चराने के लिए गए थे।
इसी दौरान कुछ गायें फसल की ओर जाने लगीं। गायों को फसल में जाने से रोकने के लिए रोहित कुमार बरेठ उन्हें भगाने के लिए आगे बढ़े। बताया जा रहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा है। जैसे ही उन्होंने गाय को रोकने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके दोनों साथी तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें करंट से अलग किया। इसके बाद परिजन रोहित कुमार बरेठ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों ने घटना को लेकर दुख जताते हुए आरोपी पर उचित कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।




