छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

जांजगीर साइबर क्राइम का अजीब मामला: यूट्यूब से सीखा इंस्टाग्राम चलाना, श्रवण-बधिर युवक ने युवती की तस्वीरें की वायरल

जांजगीर इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाले एक आरोपित को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित सुखसागर कुर्रे (24) निवासी हरदीविशाल ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई कर उसे धर दबोचा।

जांच के दौरान पुलिस के सामने एक अनूठी चुनौती आई, जब पता चला कि आरोपित सुखसागर कुर्रे श्रवण-बधिर है। पूछताछ के लिए पुलिस ने सांकेतिक भाषा के विशेषज्ञ की सहायता ली। विशेषज्ञ की मदद से हुई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यूट्यूब वीडियो देखकर इंस्टाग्राम चलाना और फोटो एडिटिंग करना सीखा था। इसी तकनीक का इस्तेमाल कर उसने महिला की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की और उन्हें अश्लील रूप देकर प्रसारित कर दिया।

महिला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर पुलिस ने सटीक जानकारी जुटाई और आरोपित को हिरासत में ले लिया। न्यायिक रिमांड पर आरोपित को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी की छवि खराब करने या फर्जी आईडी बनाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे कृत्यों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply