
कोरबा: बालको थाना क्षेत्र के ढेंगुरनाला पुल के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवाओं को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और मेडिकल कालेज अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
जांजगीर-चांपा जिले के कचंदा निवासी हैप्पी उर्फ लक्की रात्रे 26 वर्ष, गौरेला-पेंड्रा निवासी, 25 वर्षीय रेशमा नागेश 25 वर्ष और पेंड्रा निवासी रागिनी यादव 25 वर्ष, बिलासपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। मंगलवार को तीनों एक ही बाइक से कोरबा पहुंचे थे और सुबह करीब 10 बजे पर्यटन स्थल देवपहरी जाने के लिए बालको मार्ग से गुजर रहे थे। ढेंगुरनाला पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे कोयला लदे ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर की चपेट में आने से हैप्पी और रेशमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रागिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि हैप्पी रात्रे एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था, जबकि रागिनी यादव और रेशमा नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थीं।
हादसे के बाद का मंजर इतना खौफनाक था कि हैप्पी और रेशमा के शरीर ट्रेलर के भारी पहियों के नीचे पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और उन्होंने तड़पने का मौका मिले बिना ही दम तोड़ दिया। वहीं, रागिनी यादव छिटककर दूर जा गिरी, जिसके सिर पर बेहद गंभीर और जानलेवा चोटें आई हैं।
दुर्घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। दुर्घटना के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, इससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को सामान्य कराया। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रेलर चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




