हॉस्टल से गायब हुईं 3 छात्राएं : भूत के डर से भागने का दावा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में गुमशुदगी के बढ़ते मामलों के बीच कोंडागांव से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। गोलावंड स्थित एकलव्य विद्यालय के छात्रावास से तीन छात्राएं अचानक लापता हो गई हैं। छात्राओं के बीती रात से लापता होने की जानकारी मिलते ही छात्रावास में हड़कंप मच गया। सूचना पर परिजन, सरपंच और शिक्षा विभाग के अधिकारी छात्रावास पहुंचे। मामले की जानकारी पुलिस को भी दे दी गई है। वहीं, सहायक आयुक्त ने छात्राओं के हॉस्टल छोड़कर जाने की वजह भूत का डर बताया है, जबकि परिजनों ने छात्रावास की अव्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कोंडागांव जिले के गोलावंड स्थित एकलव्य विद्यालय के छात्रावास में रहने वाली तीन छात्राएं बीती रात से लापता हैं। छात्रावास की वार्डन ने इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद सरपंच, छात्राओं के परिजन और सहायक आयुक्त मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस थाने में भी दे दी गई है। फिलहाल छात्राओं के लापता होने से जुड़े मामले को लेकर चिंता बनी हुई है।
इस मामले में सहायक आयुक्त ने दावा किया है कि, तीनों छात्राएं भूत के डर से छात्रावास से भाग निकली हैं। हालांकि, छात्राओं के परिजनों ने छात्रावास की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। छात्रावास से एक साथ तीन छात्राओं के लापता होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इधर, राजधानी रायपुर में भी गुमशुदगी के मामलों के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पिछले शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटे में गुमशुदगी की 159 FIR दर्ज की गईं। इनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। कुल 78 महिलाएं, 54 वयस्क पुरुष, 17 बच्चे एवं नाबालिग और 10 बुजुर्ग लापता होने के मामले दर्ज किए गए। लापता महिलाओं में गृहणियां, नवविवाहिताएं और कामकाजी महिलाएं शामिल हैं। कम समय में इतनी बड़ी संख्या में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
रायपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में उरला में 18, मुजगहन में 16, गुढ़ियारी में 13, खमतराई में 11 और टिकरापारा में 9 मामले सामने आए। डीडी नगर और पंडरी में 7-7, जबकि आमानाका, गंज, राजेंद्र नगर और खम्हारडीह में 5-5 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा तेलीबांधा में 4, सरस्वती नगर और पुरानी बस्ती में 3-3, सिविल लाइन और मौदहापारा में 2-2, जबकि आजाद चौक, गोलबाजार, कोतवाली और कबीर नगर में 1-1 मामला दर्ज हुआ।




