छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

कोसा मर्डर केस का पर्दाफाश: प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, एक महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में करीब दो माह से पुलिस के लिए पहेली बने युवक अमित भंडारी हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। प्रकरण में एक महिला समेत बजरंग सिंह, संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को आरोपी बनाया गया है। संतोषी सिंह निवासी हाथनेवरा, चांपा (मायका कोसा) तथा बजरंग और पप्पू सिंह निवासी कोसा बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 27 जून 2026 की रात अमित भंडारी घर से निकला था। 29 जून की सुबह उसका शव गांव के अमहदा तालाब के पास एक निर्जन बाड़ी में बरामद हुआ। जांच के दौरान मृतक के संतोषी सिंह के साथ पूर्व से प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि घटना की रात दोनों करीब 1:30 बजे तक फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसके बाद अमित, संतोषी से मिलने उसके घर के पीछे पहुंचा।

इसी दौरान संतोषी का भाई बजरंग वहां पहुंच गया और अमित से विवाद के बाद मारपीट करने लगा। पुलिस के अनुसार अमित ने भागने की कोशिश की, तभी बजरंग ने छोटे फावड़े/रापा से उसके सिर और छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया।

अगले दिन पप्पू सिंह को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार दोनों भाइयों ने परिजनों के साथ अमित को खोजने का नाटक किया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाना भी पहुंचे। बाद में शव को दूसरी जगह ले जाकर रख दिया गया।

जांच में CDR, IPDR, टावर डंप, GPS, CCTV फुटेज और संदिग्धों की लोकेशन का विश्लेषण किया गया। बिलासपुर से आए ट्रैकर डॉग विमला की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। पुलिस ने बताया कि आधुनिक तकनीकी परीक्षणों और पूछताछ के बाद आरोपियों से घटना का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा/रापा और छोटी सीढ़ी बरामद की गई है।

संतोषी सिंह और पप्पू सिंह को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि बजरंग सिंह का पुलिस रिमांड लेकर आगे फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply