छत्तीसगढ़जांजगीर चांपा

2 अक्टूबर शुष्क दिवस से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखा था अवैध शराब का जखीरा, 184 लीटर जब्त

जांजगीर-चांपा। दो अक्टूबर को शुष्क दिवस के मद्देनजर जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अकलतरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दरअसल, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अकलतरा पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 12, गुरुघासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे अपने घर के तहखाने और गुप्त कमरों में शराब छिपाकर रखे हुए है और दो अक्टूबर शुष्क दिवस के दौरान इसकी बिक्री करने की तैयारी में है।

See also  बारिश बनी आफत, बाढ़ की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 7 मजदूर बहे

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने देशी प्लेन और मसाला शराब के साथ जम्मू स्पेशल, ग्रांड कोलंबिया, गोवा स्पेशल और मेकडावल नंबर-1 जैसी अंग्रेजी शराब तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर बरामद की।

पुलिस के मुताबिक कुल 184 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 550 रुपये है, जब्त की गई है। मामले में 41 वर्षीय टेकूलाल बंजारे को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 587/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply