शिवरीनारायण मेले में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, दो युवक गंभीर घायल; 4 संदिग्ध हिरासत में…

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण नगर में आयोजित दुर्गा उत्सव मेले के दौरान गुरुवार रात चाकूबाजी की घटना सामने आई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान क्रेमराज यादव और करण यादव के रूप में बताई गई है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मेला घूमने आए युवकों से विवाद के बाद हमला
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव अपने दोस्त करण यादव के साथ शिवरीनारायण में आयोजित दुर्गा उत्सव और मेला घूमने आया था। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बीच एक युवक ने जेब में रखे चाकू नुमा हथियार से दोनों पर हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवकों को चोटें आईं। क्रेमराज यादव के सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत को देखते हुए उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चाकूबाजी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की जांच के बाद ही घटना के कारणों और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




