स्कूल में नशेड़ी का तांडव, शिक्षक को डंडे से पीटा, ट्रक से कुचलने की दी धमकी

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्कूल परिसर में घुसकर सहायक शिक्षक पर घातक हमले और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. वाड्रफनगर के मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में नशे में धुत आरोपी प्रदीप मरावी घुस गया. कर्मचारियों से गाली-गलौज करने के बाद वह शिक्षक कमलेश गुप्ता के पास पहुंच गया और लाठी-डंडे से हमला कर दिया. वहीं ट्रक से कुचलने की धमकी दी. घटना से छात्रों में हड़कंप मच गया.
मामला बसंतपुर थाना के वाड्रफनगर चौकी का है. जहां शुक्रवार को मदनपुर प्राथमिक विद्यालय के कार्यालय के सामने दोपहर करीब 1:45 बजे आरोपी ने कर्मचारियों को धमकाते हुए गाली -गलौज की. इसके बाद उसने सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और कमर में चोटें आई. आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रक से कुचलने की धमकी दी. घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया. मदद की आवाज सुनकर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा.
घटना की सूचना डॉयल 112 टीम को दी गई. दोनों को पुलिस गाड़ी में भरकर चौकी लेकर पहुंची. पूछताछ में शिक्षक ने बताया कि आरोपी ने पहले भी इस प्रकार तरह के कृत्य को अंजाम था, उक्त मामले में अपराध दर्ज हुआ था. इसी से आक्रशित होकर फिर घटना को अंजाम दिया गया.
पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर लिया है. पूछताछ पर आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया. इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.




