छत्तीसगढ़

बिना प्रबंधक के रामभरोसे चल रहा धान खरीदी केंद्र! ट्रैक्टरों में धान लेकर घंटों इंतजार करते रहे किसान, खरीदी व्यवस्था पर उठे सवाल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के खोडरी धान खरीदी केंद्र में प्रबंधकीय व्यवस्था की कमी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। केंद्र के नियमित प्रभारी प्रबंधक नवीन साहू पिछले तीन दिनों से स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनके स्थान पर अब तक किसी दूसरे अधिकारी या कर्मचारी को लिखित रूप से प्रभार नहीं सौंपा गया है। नतीजा यह है कि केंद्र में धान खरीदी का काम प्रभावित हो रहा है और किसान अपनी उपज लेकर इंतजार करने को मजबूर हैं।

आज केंद्र में 13 किसान करीब 700 क्विंटल धान लेकर पहुंचे थे। इन किसानों के टोकन भी कट चुके थे और वे ट्रैक्टरों में धान लोड कर सुबह से खरीदी केंद्र के बाहर खड़े थे। इसके बावजूद दोपहर 12 बजे के बाद तक धान की तौल शुरू नहीं हो सकी। केंद्र में प्रबंधक की अनुपस्थिति और किसी दूसरे कर्मचारी के पास स्पष्ट प्रशासनिक अधिकार नहीं होने से खरीदी प्रक्रिया को लेकर असमंजस बना रहा।

विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंचे सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक के बयान ने ही विभाग की लचर कार्यप्रणाली की पोल खोल दी। उन्होंने स्वीकार किया कि पूर्व प्रबंधक को हटाने के बाद नवीन साहू को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन उनके अवकाश पर जाने के बाद से केंद्र में कोई नियमित प्रबंधक नहीं है।

See also  मुमताज अंसारी को महंगी पड़ी दूसरी शादी, पहली पत्नी की शिकायत पर शिक्षक पद से बर्खास्त हुआ

वैकल्पिक प्रभार के सवाल पर नायक ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि ‘मौखिक आदेश पर ही सही, व्यवस्था बनाकर काम कराया जा रहा है, सहायक काम कर रहे हैं और खरीदी जारी है।’

हालांकि, जमीनी हकीकत इससे ठीक उलट है; खोडरी केंद्र में तैनात कर्मचारी बिना किसी आधिकारिक आदेश के जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि खरीदी के दौरान कोई तकनीकी या प्रशासनिक गड़बड़ी होती है तो उसकी जवाबदेही किसकी होगी।

केंद्र में बनी अव्यवस्था को लेकर निगरानी समिति के सदस्यों, किसानों और सहायक पंजीयक के बीच तीखी बहस भी हुई। समिति के सदस्यों ने सवाल उठाया कि प्रबंधक की गैरमौजूदगी में बिना किसी को विधिवत प्रभार सौंपे आखिर खरीदी व्यवस्था कैसे संचालित की जा सकती है। किसानों का कहना था कि टोकन जारी होने के बाद वे तय समय पर धान लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन विभाग की तैयारी नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।

See also  महिला की हत्या का खुलासा, दुष्कर्म के बाद पानी में डुबोकर मारने का आरोप, साइकिल से करता था पीछा, आरोपी गिरफ्तार

निगरानी समिति के सदस्य विजय राठौर ने आरोप लगाया कि प्रबंधक के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी पहले ही संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी। इसके बावजूद सहकारिता विभाग ने समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। उन्होंने सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे जनप्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों के फोन तक नहीं उठाते और न ही जरूरी सूचनाओं का जवाब देते हैं।

जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता विभाग के सभापति भंवर सिंह ग्वास ने खोडरी केंद्र की अव्यवस्था के लिए सहायक पंजीयक राधेश्याम नायक को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते, जिससे जरूरी प्रशासनिक मामलों में संवाद और समन्वय प्रभावित हो रहा है।

ग्वास ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रस्ताव पारित कर केंद्र में नए प्रबंधक की नियुक्ति की जाए, ताकि धान खरीदी बिना रुकावट चल सके। साथ ही उन्होंने सहायक पंजीयक नायक को जिले से हटाने की मांग भी की है।

See also  हसदेव नदी में डूबे तीनों युवकों की मौत, सभी के शव बरामद; देवरी पिकनिक स्पॉट पर रोक की तैयारी

खोडरी धान खरीदी केंद्र का मामला सिर्फ एक दिन की अव्यवस्था तक सीमित नहीं है। प्रबंधक की अनुपस्थिति में वैकल्पिक जिम्मेदारी तय नहीं होना सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। धान खरीदी के दौरान किसानों की उपज की तौल, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी प्रक्रियाओं के लिए अधिकृत जिम्मेदार अधिकारी का होना जरूरी है।

ऐसे में मौखिक आदेश के भरोसे खरीदी चलाने की व्यवस्था कितनी व्यावहारिक और जवाबदेह होगी, यह बड़ा सवाल है। फिलहाल किसानों को राहत देने और आगे खरीदी सुचारू रखने के लिए विभाग की ओर से लिखित प्रभार सौंपने और स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था करने की जरूरत है।

Related Articles

Leave a Reply