छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 29 जनवरी से 15 हजार नौकरियों का महाकुंभ, पहली बार एडमिट कार्ड से मिलेगी एंट्री

रायपुर। राजधानी में 29 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन होने जा रहा है। प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है जब किसी रोजगार मेले का आयोजन प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है।

अक्सर रोजगार मेलों में भारी भीड़ और अव्यवस्था की तस्वीरें सामने आती थीं, लेकिन इस बार नजारा बदला हुआ होगा। 15 हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए आयोजित मेले में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया है।

प्रवेश पत्र जारी किए जा रहे हैं

आवेदकों को बाकायदा प्रवेश पत्र जारी किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी को पोर्टल पर अपनी योग्यता और पसंद की कंपनी का चयन करने के बाद यह पता चल जाएगा कि उसका साक्षात्कार किस दिन, किस समय और किस कक्ष में है। इससे अभ्यर्थियों को भटकना नहीं पड़ेगा।

See also  छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर : 24 जिलों में 344 संक्रमित, रायपुर में 146 मामले

56 हजार युवाओं ने दिखाई रुचि, बिलासपुर सबसे आगे

इस रोजगार महाकुंभ के प्रति युवाओं में किस कदर उत्साह है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 20 जनवरी तक कुल 56,608 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। रोजगार की तलाश में बिलासपुर जिले के युवा सबसे आगे हैं। यहां से सर्वाधिक 5,211 आवेदन मिले हैं। इसके बाद दुर्ग में (4,142) और रायपुर में (4,092) के युवाओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया है।

45 से ज्यादा कंपनियां देंगी मौका

इस मेले में निजी क्षेत्र के 45 से अधिक प्रतिष्ठित नियोक्ताओं (कंपनियों) को आमंत्रित किया गया है, जो मौके पर ही युवाओं का चयन करेंगे। अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश रोजगार विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना प्रवेश पत्र के मेले में एंट्री नहीं मिलेगी। इसे ई-रोजगार पोर्टल या एप से डाउनलोड करना होगा।

See also  सरगुजा में मिले 175 एचआईवी संक्रमित : नशे के लिए साथियों के साथ करते थे एक ही इंजेक्शन का उपयोग

तीन दिन, अलग-अलग जिले

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शासन ने जिलावार तारीखें तय की हैं। शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय (जीईसी) सेजबहार में यह मेला सुबह 10 से दोपहर साढ़े तीन बजे तक चलेगा।

29 जनवरीः रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, गरियाबंद, कोरिया, एमसीबी और सक्ती जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

30 जनवरीः दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के युवाओं का साक्षात्कार होगा।

31 जनवरीः अंतिम दिन बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव और नारायणपुर के लिए आरक्षित है।

Related Articles

Leave a Reply