झूला बना मौत का फंदा : स्कूल परिसर में पेड़ से बने झूले में फंसने से छात्र की मौत, गांव में पसरा मातम

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के मुड़ीडीह गांव से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में खेल-खेल में हुए हादसे में चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक छात्र की पहचान तरुण चौहान के रूप में हुई है, जो प्राथमिक शाला मुड़ीडीह में कक्षा चौथी में पढ़ता था। बताया जा रहा है कि रोज की तरह बच्चे स्कूल खुलने से पहले स्कूल परिसर में पहुंचकर खेल रहे थे। स्कूल प्रांगण में लगे पेड़ पर बच्चों ने ही साड़ियों को बांधकर एक झूला बना रखा था।
तरुण अपने 8-9 अन्य साथियों के साथ उसी झूले पर पेड़ पर चढ़कर झूल रहा था। झूलने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरने लगा, तभी साड़ी से बना झूला उसके गले में फंस गया। गले में फंदा लगने से वह वहीं झूल गया। बच्चों ने शोर मचाया तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
इस पूरे मामले पर भंवरपुर चौकी प्रभारी अंजना चंद्रा ने बताया कि, स्कूल करीब 10:00 बजे खुलता है, लेकिन 9:30 बजे ही रोज की भांति बच्चे स्कूल में आकर खेलने लगते हैं। आज भी स्कूल की सहायिका 9:30 बजे स्कूल खोलकर चली गई थी, तब तक कोई भी टीचर स्कूल नहीं पहुंचा था। इसी दरमियान स्कूल प्रांगण में बच्चों ने मौजूद पेड़ पर साड़ियों का एक झूला बनाया हुआ था।
करीब 9 बच्चे खेल-खेल में पेड़ पर चढ़कर झूला झूल रहे थे। तभी एक बच्चे का पैर अचानक पेड़ से फिसला और वह नीचे गिरने लगा, तभी साड़ियों से बनाया हुआ झूला उसके गले में अचानक फंस गया और वह बच्चा सीधे नीचे झूल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल, मामले पर जांच जारी है और बच्चे के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच जारी है।




