खोखरा में माँ मनकादाई मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव: आज शिव-पार्वती विवाह संपन्न, आकर्षक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

माँ मनकादाई मंदिर पब्लिक ट्रस्ट के तत्वावधान में 11 से 20 अक्टूबर तक श्रीमद् देवी भागवत कथा, कथा वाचक पं. दिनेश रोहित चतुर्वेदी जी
खोखरा (जांजगीर), 17 अक्टूबर। माँ मनकादाई मंदिर पब्लिक ट्रस्ट, खोखरा (जांजगीर) के तत्वावधान में चल रहे क्वांर (शारदीय) नवरात्र उत्सव 2026 एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा के सातवें दिन आज शनिवार 17 अक्टूबर को शिव-पार्वती विवाह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
आज अश्विन शुक्ल पक्ष 7 के अवसर पर कथा में सुकन्या, शिव पार्वती-विवाह और शक्तिपीठ वर्णन की कथा का श्रवण भक्तों ने किया। कथा के दौरान शिव-पार्वती की आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसमें मनहरण थवाईत शिव के रूप में और उनकी पत्नी श्रीमती वंदना थवाईत पार्वती के रूप में रूपधारण कर भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।
गौरतलब है कि ग्राम खोखरा के माँ मनकादाई मंदिर परिसर में दिनांक 11.10.2026 से 20.10.2026 तक क्वांर नवरात्रि पर्व एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का समय दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक रखा गया है। कथा व्यास पं. श्री दिनेश रोहित चतुर्वेदी जी खोखरा एवं सह आचार्य पं. श्री दुर्गेश चतुर्वेदी जी खोखरा के मुखारविंद से भक्त माँ के दिव्य प्रसंगों का रसपान कर रहे हैं।
आयोजन समिति माँ मनकादाई मंदिर पब्लिक ट्रस्ट खोखरा ने सभी धर्मप्रेमी भक्तों से सपरिवार पधारकर कथा यज्ञ में शामिल होने की अपील की है।
