
बिलासपुर। शहर के पुलिस ग्राउंड में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। रावण दहन के लिए लगाए गए पायरो रॉकेट सेटअप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि रिमोट का बटन दबाते ही मंच के पास यह ब्लास्ट हुआ।
घटना के समय मंच पर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी समेत वरिष्ठ अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। धमाका मंच के बेहद करीब होने के कारण मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक रावण दहन के दौरान आतिशबाजी के लिए पायरो रॉकेट का सेटअप लगाया गया था। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही रिमोट का बटन दबाया गया, मंच के पास ही अचानक तेज धमाका हो गया। जिस स्थान पर पायरो रॉकेट लगाया गया था, उसके आसपास पत्रकार और पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनकर मैदान में मौजूद हजारों लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया।
फिलहाल किसी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पुलिस और आयोजन से जुड़े लोगों ने स्थिति को संभाला। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी देखने को मिली।
धमाका गंभीर हादसे में बदल सकता था। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है



