बाजार में बरसा धन : धनतेरस पर छत्तीसगढ़ में इस बार 7000 करोड़ से ज्यादा की खरीदी

रायपुर। धनतेरस पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर के साथ प्रदेशभर के बाजारों में सुबह से लेकर देर रात तक जमकर धनवर्षा हुई। सबसे ज्यादा ढाई हजार करोड़ का सोना और चांदी बिका। ऑटोमोबाइल सेक्टर में एक लाख से ज्यादा वाहन बिके, जिनकी कीमत करीब 25 सौ करोड है। रियल एस्टेट में इस समय थोड़ा मंदी का दौर है. ऐसे में इस बार ज्यादा से ज्यादा 300 करोड़ का ही कारोबार हो पाया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल सेक्टर में 1000 करोड़ का कारोबार हुआ है। गांव के लोगों ने भी महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम लिए हैं। इसके अलावा बर्तन, फर्नीचर, कपड़ा बाजार, मिठाई और गिफ्ट आइटम को मिलाकर 1000 करोड़ का कारोबार हुआ। सभी सेक्टरों को मिलाकर एक ही दिन में करीब सात हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश के सभी शहरों के बाजार में धनतेरस पर सुबह से लेकर रात कर जमकर खरीदारी हुई। सबसे ज्यादा रस रात के समय रहा। रात के समय लोगों ने फुर्सत के साथ अपनी पसंद के सामान की ख़रीदारी की। हर सेक्टर के बाजार में देर रात तक ग्राहकों का मेला. लगा रहा।
महंगे मोबाइल और एलईडी खूब बिके: इलेक्ट्रॉनिक आइटमों में बड़ी
एलईडी, कंप्यूटर, फ्रीज, वाशिंग मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स के साथ मोबाइल का भी जमकर कारोबार हुआ। कई कंपनियों ने नए मॉडल लांच किए हैं। मालवीय रोड व्यापारी संघ के राजेश वासवानी के मुताबिक गांवों के लोगों ने भी महंगे मोबाइल के साथ महंगे एलईडी की खरीदारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल सेक्टर को मिलाकर प्रदेश भर में 1000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
बर्तन, फर्नीचर, कपड़ों का बाजार भी गुजजार: धनतेरस पर बर्तनों की
खरीदी को भी शुभ माना जाता है, सुबह से लेकर रात तक लोगों ने बर्तनों की भी जमकर खरीदी की। इसी के साथ फर्नीचर में स्टॉल की अलमारी के अलावा लकड़ी के भी फर्नीचर भारी संख्या में बिके हैं। कपड़ा बाजार भी गुलजार रहा। इसके अलावा गिफ्ट और मिठाई की दुकानों में भी भारी भीड़ रही। इन सब सेक्टरों को मिलांकर प्रदेश में 1000 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है।
2500 करोड़ का बिका सोना-चांदी
धनतेरस पर सराफा में बड़ा कारोबार हुआ। इस बार सोने और चांदी के दाम भले बीते साल से ज्यादा रहे, लेकिन धनतेरस से पहले इसके दाम कम हो गए। सोना जहां डेढ़ लाख के अंदर रहा, वहीं चांदी के दाम भी दो लाख से कम रहे। सोने और चांदी की कीमत ज्यादा होने के कारण ग्राहकों ने तो अपने बजट के हिसाब से ही सोना और चांदी खरीदा। जो पहले दो तोला सोना लेते थे, वो इस बार एक तोला से भी कम ही ले पाए। इसी तरह से चांदी के जेवर और चांदी भी अपने बजट के हिसाब के कम मात्रा में ली। सराफा कारोबारियों के मुताबिक एक ही दिन में जहां रायपुर में हजार करोड़ का कारोबार हुआ है, वहीं पूरे प्रदेश में ढाई हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। रायपुर सराफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण लाहोटी ने बताया धनतेरस पर सोने से ज्यादा चांदी के सिक्के खूब बिके। इसी के साथ चांदी का अष्टलक्ष्मी लोटा, श्रीयंत्र, कुबेर यंत्र, लक्ष्मी-गणेश मूर्ति, कछुआ की ज्यादा बिक्री हुई है। सराफा कारोबारी हरख मालू के मुताबिक सोने और चांदी के दाम ज्यादा होने के कारण लोगों ने अपने बजट के हिसाब से खरीदारी की है।
सात हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार
कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर पारवानी ने कहा कि, धनतेरस पर हर सेक्टर में जमकर खरीदारी हुई है। एक ही दिन में सात हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इस बार त्योहारी सीजन में प्रदेश में 15 हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार होगा।
धनतेरस पर सोना-चांदी सस्ता
धनतेरस पर आज सोना-चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 2,677 रुपए घटकर करीब 1.41 लाख रुपए पर आ गए हैं। एक किलो चांदी 4,432 रुपए सस्ती होकर 1.83 लाख रुपए पर आ गई है। इससे एक दिन पहले गुरुवार को सोना 1.44 लाख और चांदी 1.87 लाख रुपए पर थी। चांदी इस साल चांदी 48 हजार रुपए सस्ती हुई है। इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोना 2026 में अब तक 10,934 रुपए महंगा हुआ है। वहीं, चांदी 47,552 रुपए सस्ती हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10g सोना 1.33 लाख रुपए था, जो अब 1.41 लाख रुपए पहुंच गया है। वहीं, चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए किलो थी, जो 1.83 लाख रुपए हो गई है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का ऑलटाइम हाई भी बनाया था।
लाखों वाहन बिके
ऑटोमोबाइल सेक्टर में जमकर बूम रहा। राजधानी रायपुर के साथ प्रदेशभर में एक ही दिन में एक लाख वाहन बिके हैं। इसमें सबसे ज्यादा 90 हजार दुपहिया वाहन हैं। इसके लिए पहले से बुकिंग हो गई थी। वहीं दस हजार के आस-पास कारों की बुकिंग थी।
रियल एस्टेट में मंदी
रियल एस्टेट धनतेरस पर इस बार भी कम कारोबार हुआ है। रीयल एस्टेट में इस समय मंदी का दौर चल रहा है। ऐसे में इस बार राजधानी रायपुर के साथ मिलाई, दुर्ग, कोरबा, बिलासपुर सहित हर शहर में जो योजनाएं चल रही हैं, इनमें मुश्किल से दो सौ करोड़ का ही कारोबार हो सका है। करीब सौ करोड़ के प्लाट भी बिके हैं।




