नवजात को जन्म देकर नाली में फेंका, 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

अभनपुर। गोबरा नवापारा में नवजात शिशु को जन्म देने के बाद नाली में फेंकने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में नवजात शिशु का शव मिला था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नवजात का जन्म जीवित अवस्था में हुआ था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
जांच में नाबालिग युवती से जुड़े मामले के सामने आने के बाद छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(M), 91, 238 और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 एवं 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल गोबरा नवापारा थाना पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।




