छत्तीसगढ़

सरकारी शराब दुकान से 20 लाख रुपये पार : दीपावली की बिक्री में गबन कर सेल्समैन फरार, प्लेसमेंट एजेंसी पर उठे सवाल

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के गीधपुरी स्थित शासकीय कंपोजिट शराब दुकान में 20 लाख रुपये से अधिक की राशि के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि, दुकान में पदस्थ सेल्समैन दीपावली के दौरान शराब बिक्री से प्राप्त रकम को धीरे-धीरे गबन करता रहा और लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। मामले का खुलासा होने के बाद प्लेसमेंट एजेंसी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सेल्समैन के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गीधपुरी स्थित कंपोजिट शराब दुकान में गेवेंद्र बंजारे सेल्समैन के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि, दीपावली के दौरान शराब की बिक्री से प्राप्त होने वाली राशि में वह लगातार हेराफेरी करता रहा। 13 नवंबर को विभागीय अधिकारियों द्वारा दुकान पहुंचकर बिक्री की रकम और लेखा-जोखा का मिलान किया गया, तब 20 लाख रुपये से अधिक की राशि का हिसाब नहीं मिला। जांच में गड़बड़ी सामने आते ही संबंधित सेल्समैन दुकान से गायब हो गया।

See also  SBI शाखा में डाका डालने टॉयलेट के रास्ते घुसे चोर, दीवार तोड़ी, पर नहीं तोड़ सके दरवाजा! जानिए फिर क्या हुआ…

इसके बाद प्लेसमेंट कंपनी के संचालक रजनीश साव ने मामले की शिकायत गिधपुरी थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र बंजारे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की पतासाजी के लिए साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद ले रही है।

शासकीय शराब दुकान से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम के कथित गबन का मामला सामने आने के बाद प्लेसमेंट एजेंसी की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। आखिर इतनी बड़ी जिम्मेदारी वाले शासकीय शराब दुकान में कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन और आवश्यक जांच की गई थी या नहीं? क्या कर्मचारियों की नियुक्ति के दौरान पर्याप्त सुरक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित की गई थी?

प्लेसमेंट एजेंसी पर इससे पहले भी कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर पैसे लेने जैसे आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में इस बड़ी वित्तीय गड़बड़ी ने एजेंसी की नियुक्ति प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। अब बड़ा सवाल यह है कि सरकारी शराब दुकान में इतनी बड़ी रकम का गबन आखिर कैसे होता रहा और इसकी भनक जिम्मेदार अधिकारियों को समय रहते क्यों नहीं लगी?

See also  निजी क्षेत्र के लिए नए श्रम नियम लागू : नाइट शिफ्ट में काम कर सकेंगी महिलाएं और ओवरटाइम के घंटे भी बढ़ेंगे

Related Articles

Leave a Reply